Patna News: पटना सिटी के जल्ला क्षेत्र के बाहरी धवलपुरा में आयोजित किसान परिचर्चा—किसान चौपाल—में बिहार सरकार के नए कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने आज शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने उपस्थित होकर मंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखीं। किसानों की भागीदारी ने इस चौपाल को क्षेत्र के लिए विशेष महत्व का बना दिया।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि विकास, किसान सुरक्षा और किसान सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को किसी भी परिस्थितियों में परेशान नहीं होने दिया जाएगा और कृषि से संबंधित किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी बताया।
चर्चा के दौरान मंत्री ने बताया कि प्याज उत्पादन में बिहार देश में चौथे स्थान पर है, जबकि प्याज, आलू और सब्जी जल्ला क्षेत्र के प्रमुख कृषि उत्पाद हैं। उन्होंने कहा कि वे इस क्षेत्र की पुरानी चुनौतियों से पूरी तरह परिचित हैं और उनके समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।
Also Read: मधेपुरा अतिक्रमण हटाओ अभियान में अधिकारी के विवादित बयान से बवाल
किसानों ने सामूहिक रूप से कृषि मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें नहर का पक्कीकरण, नेशनल हाईवे के नीचे अंडरपास निर्माण, जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान, समय पर बीज-उर्वरक उपलब्धता, सब्जी विक्रय केंद्र की स्थापना और सिंचाई के लिए नियमित बिजली आपूर्ति जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।
मंत्री रामकृपाल यादव ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चौपाल में किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, स्थानीय विधायक रत्नेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।






