Naugachia News: भवानीपुर थाना क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच अवैध वसूली की रकम को लेकर हुए विवाद का वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक (SP) प्रेरणा कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश कुमार को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान वायरल वीडियो में की गई बातचीत और विवाद की पुष्टि होने पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
Also Read: मधेपुरा में अतिक्रमण हटाओ अभियान में विवाद, अमीन के बयान ने बढ़ाया तनाव
थाना प्रभारी निलंबित, दो होमगार्ड लाइन हाजिर
जांच रिपोर्ट आने के बाद भवानीपुर थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक वारिस खान को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही दो होमगार्ड जवान—संदीप कुमार और गुड्डन मंडल—को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी, भागलपुर को भी इस संबंध में सूचना भेजी गई है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर अवैध वसूली की रकम के बंटवारे को लेकर पुलिस वाहन में हुए विवाद की आवाज़ें स्पष्ट रूप से सुनाई दे रही थीं, जिसकी पुष्टि जांच में हुई।
प्रशासन ने कहा – “अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं”
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कारण वीडियो की सत्यता प्रमाणित होने पर त्वरित कार्रवाई की गई है।





