Patna News: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार, 4 दिसंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने अपने-अपने विचार रखे।
सम्राट चौधरी ने विपक्ष को दिया जवाब
राजद विधायक कुमार सर्वजीत द्वारा की गई टिप्पणी पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि “यहां कोई बुलडोजर नहीं है और न ही मेरा नाम बुलडोजर है।”
उन्होंने साफ कहा कि राज्य में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई अदालत के निर्देशों के आधार पर चल रही है और नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था को मजबूत किया है।
राजद विधायक की टिप्पणी और सम्राट का पलटवार
बहस के दौरान आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि “सम्राट के पिता ने बड़े अरमान से इनका नाम सम्राट रखा था, लेकिन इनके कामों के कारण पत्रकार इन्हें बुलडोजर बाबा कहने लगे।”
इस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
Also Read: महाराजगंज में अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन…
बालू, जमीन और शराब माफियाओं पर सख्ती
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य में बालू, जमीन व शराब माफिया को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर प्रकार के माफियाओं पर कार्रवाई जारी रहेगी।
मेडिकल कॉलेजों पर भी दिया बयान
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अंग्रेजों के समय केवल दो मेडिकल कॉलेज बने थे, जबकि चार कॉलेज कर्पूरी ठाकुर और संयुक्त सरकारों ने बनाए। 1978-79 के बाद 2008 तक एक भी नया मेडिकल कॉलेज स्थापित नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि NDA सरकार के दौरान कई नए मेडिकल कॉलेज खोले गए और राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया गया।
विजय सिन्हा का तीखा जवाब
सदन में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर दवा कारोबार से जुड़े आरोप लगाए। इस पर विजय सिन्हा ने कहा कि “इन्हीं जैसे लोगों ने बिहार में जंगलराज फैलाया था। हम ऐसे चेहरों को उजागर करेंगे और माफियाओं के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्रवाई करेंगे।”
उन्होंने कहा कि बालू, भू-माफिया और शराब माफियाओं के खिलाफ “छाती पर बुलडोजर चलाकर” कानून का राज स्थापित किया जाएगा।






