Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने दो महीने पहले हाजीपुर जंक्शन से गायब हुए एक वर्षीय बच्चे के अपहरण का पर्दाफाश कर दिया है। लंबी और गहन जांच के बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस प्रकरण में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का कथित सरगना—एक डॉक्टर—अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना ऐसे हुई थी शुरू
रेल एसपी के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात खानाबदोश समुदाय से जुड़े सुमित कुमार अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ हाजीपुर स्टेशन परिसर में सो रहे थे। अगली सुबह लगभग पांच बजे जब सुमित की नींद खुली, तो उसने पाया कि उसका एक साल का पुत्र फहीम उर्फ़ राजाबाबू वहां मौजूद नहीं था। तुरंत ही गायब हुए बच्चे की शिकायत दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
Also Read: विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर जमकर चर्चा
सीसीटीवी से खुला रास्ता
जांच के दौरान पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध दिखाई दिए। फुटेज में दिखे दोनों की पहचान विदुपुर निवासी अर्जुन कुमार और सदर क्षेत्र की किरण देवी के रूप में हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आए नए इनपुट के आधार पर पुलिस ने सोनू कुमार को भी गिरफ्तार किया। उसके बयान से खुलासा हुआ कि बच्चा समस्तीपुर जिले के पटोरी इलाके में अनिल कुमार और उनकी पत्नी गुड़िया देवी के पास छिपाकर रखा गया है।
बच्चा सुरक्षित बरामद
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पटोरी में छापेमारी की और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही अनिल कुमार, गुड़िया देवी और उसी गांव की मुन्नी कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुन्नी, इस पूरे रैकेट चलाने वाले डॉक्टर अविनाश की करीबी बताई जा रही है।
डॉक्टर ने रची थी पूरी साज़िश
जांच में सामने आया कि बच्चे के अपहरण और अवैध बिक्री की योजना डॉक्टर अविनाश ने तैयार की थी। एक निःसंतान दंपति ने बच्चे को हासिल करने के लिए डॉक्टर को करीब साढ़े तीन लाख रुपये दिए थे। डॉक्टर ने यह काम अपने सहयोगी सोनू के माध्यम से आगे बढ़ाया, जिसने अर्जुन और किरण को बच्चा उठाने के लिए मोटी रकम का लालच दिया।
इसी तरह छह लोगों के गठजोड़ से मासूम बच्चे के अपहरण और अवैध सौदे की साजिश को अंजाम दिया गया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
अब तक इस मामले में छह लोग जेल पहुंच चुके हैं, लेकिन मास्टरमाइंड डॉक्टर अविनाश अभी तक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।





