Gaya News: गया जिले के नीमचक बथानी में हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेता जीतन राम मांझी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र से आए हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को बेहद भव्य रूप दिया।
जरूरतमंद महिलाओं को 3500 से अधिक कंबल वितरित
समारोह के दौरान मंत्री मांझी ने गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के बीच 3500 से अधिक कंबलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि नीमचक बथानी से उनका भावनात्मक रिश्ता बहुत गहरा है, क्योंकि यह क्षेत्र उनका ससुराल और ननिहाल दोनों है। इसलिए इस इलाके में आना उन्हें हमेशा घर जैसा अनुभव कराता है।
मांझी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में कंबल वितरण शायद पहली बार किसी स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा आयोजित किया गया है। उन्होंने आगे घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में अतरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल सके।
Also Read: मोकामा में एसटीपी के पानी से प्रभावित रबी फसल को बचाने के प्रयास तेज
“हम पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता” – मांझी
अपने संबोधन में मांझी ने कहा कि हम पार्टी की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और संदेश को जनता तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की और कहा कि उनके सम्मान और प्रोत्साहन से ही संगठन मजबूत होता है।
बाबरी मस्जिद मुद्दे पर मांझी की प्रतिक्रिया
बंगाल में बाबरी मस्जिद से जुड़े राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि मंदिर या मस्जिद का निर्माण अपने आप में कोई आपत्ति की बात नहीं है। लेकिन धार्मिक मुद्दों का इस्तेमाल कर समाज में तनाव फैलाना बिल्कुल गलत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में धार्मिक सौहार्द और शांति हर कीमत पर बनाए रखना जरूरी है।
इंडिगो फ्लाइट रेड पर बोले मांझी—केंद्र सरकार करे हस्तक्षेप
इंडिगो फ्लाइट से जुड़े हालिया विवाद पर मांझी ने एयरलाइन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उड़ानों की संख्या और सेवाओं में सुधार की तत्काल आवश्यकता है। इस संदर्भ में उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित विभागों से तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य करने की अपील की।





