Bihar News: बिहार सरकार अब राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। नई सरकार के गठन के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने संवाददाताओं को दी।
शिक्षा सुधार में तेजी — मंत्री
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। इसके परिणामस्वरूप सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षक और छात्र, दोनों ही डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर आधुनिक शिक्षा से जुड़ सकें। इसके लिए स्कूलों में टैब और लैब उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि एसटीईटी का परिणाम जारी होने के बाद टीआर-4 के तहत शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। जिलों से रिक्त पदों का विवरण मांगा गया है और जनवरी के बाद नई नियुक्तियों की संभावना है। शिक्षक नियुक्ति के पश्चात लाइब्रेरियन की बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Also Read: Aurangabad News: सोननगर TSS से ₹3.5 करोड़ की चोरी का खुलासा, 15 अपराधी गिरफ्तार
1 करोड़ 9 लाख बच्चों को मिलता है मध्यान भोजन
मंत्री ने बताया कि राज्य के लगभग एक करोड़ नौ लाख बच्चों को प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण मध्यान भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए दो लाख चौदह हजार रसोइयां प्रतिदिन भोजन निर्माण में योगदान दे रही हैं।
दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शैक्षणिक व्यवस्था
सरकार दिव्यांग बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इनके लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि हर बच्चे को समान अवसर मिल सके। साथ ही सरकार रोजगार-परक शिक्षा को बढ़ावा दे रही है, जिससे युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके।





