Banka News: जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित लक्ष्मीपुर गांव के प्रोन्नत मध्य विद्यालय में लगातार शिक्षकों की अनुपस्थिति और मध्याह्न भोजन योजना के बाधित होने के मामले ने शिक्षा विभाग को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राहुल कुमार और एमडीएम प्रभारी सुभाषचंद्र पंडित विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। जांच के दौरान सामने आए तथ्य चौंकाने वाले थे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेन्द्र प्रसाद ने विद्यालय आने में अपनी जान का खतरा बताया है। उन्होंने लिखित रूप में आरोप लगाया कि विद्यालय समिति के अध्यक्ष और पंचायत के उपमुखिया पंकज दास ने उन्हें खुलेआम हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी, यहां तक कि उनका मोबाइल भी छीनकर जमीन पर पटक दिया गया। इन धमकियों के कारण उन्होंने विद्यालय आना बंद कर दिया है।
Also Read: बेतिया में DM तरनजोत सिंह ने जनता दरबार में सुनीं 35 शिकायतें, कई मामले वहीं निपटे
स्थिति और भी गंभीर तब हो गई जब अधिकारियों ने विद्यालय का प्रभार सहायक शिक्षक अमीत कुमार को देने की बात कही। अमीत कुमार भावुक हो उठे और रोते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अपनी जान जोखिम में नहीं डाल सकते, इसलिए उनका ट्रांसफर किया जाए। विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी स्वयं को जूनियर बताते हुए यह जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया।
स्कूल के छात्रों ने भी मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं की पुष्टि की। कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों ने बताया कि सप्ताह में मिलने वाला अंडा और फल अक्सर कम कर दिया जाता था और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले की गंभीरता देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से मध्याह्न भोजन योजना को फिर से शुरू कराया और इसकी जिम्मेदारी सीआरसी लक्ष्मण पासवान को सौंपी गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रधानाध्यापक और विद्यालय समिति के अध्यक्ष के बीच विवाद की गहराई से जांच की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले को जिला शिक्षा पदाधिकारी और उच्च प्रशासन को भेज दिया गया है। साथ ही विद्यालय में उत्पन्न लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को सुधारने के लिए थाना को भी इसकी सूचना दे दी गई है।





