Araria News: जिले के डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को ‘अपनी पूंजी अपना अधिकार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता डीडीसी रोजी कुमारी ने की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उस विशेष पहल का हिस्सा है, जिसके तहत रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पास वर्षों से जमा अनक्लेम्ड राशि को उसके असली ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है।
वर्तमान में आरबीआई के पास राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 78 हजार करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड रकम जमा है, जिसके समाधान के लिए पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अररिया में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रबंधक, नाबार्ड के अधिकारी और सीएसपी संचालक शामिल हुए।
Also Read: बांका के स्कूल में धमकी व अनियमितताओं का मामला
कार्यक्रम की शुरुआत डीडीसी रोजी कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी अररिया लीड बैंक के मैनेजर इंदुशेखर ने निभाई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अररिया जिले में कुल 33,478 अनक्लेम्ड खाते हैं, जिनमें 16.87 करोड़ रुपये की राशि ग्राहकों, सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की पड़ी हुई है। यह रकम दस वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय है और आरबीआई के पास जमा है।
जानकारी के अनुसार डीएफएस, आरबीआई और एसएलबीसी के संयुक्त प्रयास से सभी जिलों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य लोगों को अनक्लेम्ड खातों की जानकारी देना, प्रक्रिया को सरल बनाना और राशि वापसी को तेज़ी से पूरा करना है। कार्यक्रम में बैंकिंग एसडीसी विभाग की जीएम अनुराधा कुमारी, रीजनल मैनेजर कुंदन प्रकाश सहित कई बैंकों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





