Gaya News: गयाजी के अतरी विधानसभा क्षेत्र में नव निर्वाचित हम पार्टी के विधायक रोमित कुमार ने माउंटेन मैन दशरथ मांझी के गहलोर गांव में कई ट्रकों से हजारों महादलितों को कंबल वितरित किए। इस ठंड में महिला और पुरुषों को कंबल से काफी राहत मिली। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं कंबल वितरण किया।
जीतन राम मांझी ने स्थानीय अस्पताल की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कोई उचित व्यवस्था नहीं है, इसलिए सिविल सर्जन और आरडीडी को फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने चीफ सेक्रेटरी से बात की, जिन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाओं को सही करने का आश्वासन दिया।
Also Read: मनरेगा और योजनाओं के नाम बदलने पर कांग्रेस का हमला
विकास को लेकर मंत्री ने कहा कि अतरी क्षेत्र को रेलवे लाइन से जोड़ा जाएगा और सड़कों का चौड़ीकरण कर क्षेत्रवासियों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दशरथ मांझी के घर से भींदस मोड़ तक महादलितों को इंदिरा आवास के तहत घर बनाए जाएंगे। पहले बनी इंदिरा आवास योजनाओं में हुई कमियों को सही किया जाएगा।
शराब के नुकसान के प्रति लोगों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि शराब से बच्चों को दूर रखें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि दशरथ मांझी को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने की मांग लंबे समय से है और इसके लिए प्रधानमंत्री से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने यह कहा कि अतरी क्षेत्र के सुधारों के लिए भी “जब तक सुधारेंगे नहीं, तब तक मरेंगे नहीं” की नीति अपनाई जाएगी।
इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और विकास, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण की दिशा में कई घोषणाएं की गईं।





