Gayaji News: पुलिस ने 21 दिसंबर की रात गोलीकांड में घायल हुए युवक आरिफ हुसैन के मामले में मुख्य आरोपी प्रतीक पासवान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल भी बरामद की है। पुलिस अब पूरी घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही है। इस घटना में अन्य युवकों के शामिल होने का भी शक है।
इस मामले की पुष्टि टाउन डीएसपी-1 सरोज शाह ने की। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर की देर रात उन्हें जेपीएन अस्पताल से सूचना मिली कि गोलीकांड में घायल एक युवक को इलाज के लिए लाया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की टीम अस्पताल पहुंची। वहां उन्हें पता चला कि घायल युवक को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
जब पुलिस टीम मगध मेडिकल कॉलेज पहुंची, तो उन्हें बताया गया कि घायल युवक के परिवार वाले उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए हैं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि घटना से पहले आरिफ हुसैन प्रतीक पासवान के घर गया था। आरिफ हुसैन वारिसनगर, पंचायती अखाड़ा का रहने वाला है।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरिफ और प्रतीक एक देसी पिस्तौल देख रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और गोली आरिफ को लग गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतीक पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: बोधगया में महिला के साथ घटना, CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे हथियार कहीं पड़ा हुआ मिला था। उसने यह भी कहा कि उसने अवैध हथियार अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास रखा था। पुलिस इन बयानों की गहनता से जांच कर रही है। डीएसपी सरोज शाह ने कहा कि इस घटना में अन्य युवकों के शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी पहलुओं से जांच जारी है।





