Bhojpuri News: पटना में बिहार फिल्म नीति को लेकर इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान इम्पा के कार्यकारिणी सदस्य और एफएमसी सेक्रेटरी निशांत उज्ज्वल भी मौजूद रहे। मुलाकात में उपमुख्यमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी गई और बिहार में फिल्म उद्योग के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान अभय सिन्हा ने बिहार फिल्म नीति के अंतर्गत फिल्मों को दिए जाने वाले अनुदान का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में 30 से अधिक फिल्मों का निर्माण हो चुका है, लेकिन कई फिल्मों को अब तक अनुदान की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। उन्होंने आग्रह किया कि अनुदान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे फिल्म निर्माताओं का विश्वास बना रहे और बिहार एक मजबूत फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में उभर सके।
Also Read: बिहार में उर्वरक कालाबाजारी पर सख्ती, बड़े पैमाने पर छापेमारी
अभय सिन्हा ने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य की सांस्कृतिक विरासत, विविध लोकेशन और स्थानीय प्रतिभाएं देशभर के फिल्मकारों को आकर्षित कर सकती हैं। यदि सरकार समय पर अनुदान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए, तो बिहार न केवल भोजपुरी बल्कि अन्य भाषाओं की फिल्मों का भी प्रमुख केंद्र बन सकता है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अनुदान स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार में फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही भविष्य में बड़े स्तर पर फिल्म अवार्ड शो और सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन की योजना भी है, जिससे बिहार की पहचान फिल्म और कला के क्षेत्र में और मजबूत होगी।
अभय सिन्हा ने सरकार के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे बिहार के फिल्म उद्योग को नई दिशा और गति मिलेगी।







