Khagaria News: शहर के कचहरी रोड स्थित जनता दल (यूनाइटेड) कार्यालय के कर्पूरी सभागार में सोमवार को देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, लौह पुरुष और स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने की, जबकि मंच संचालन जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभागार “सरदार पटेल अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, सरदार पटेल का नाम रहेगा” जैसे नारों से गूंज उठा।
Also Read: कैमूर में साल का पहला घना कोहरा, NH-19 पर दो सड़क हादसे
अपने अध्यक्षीय संबोधन में विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता और अखंडता के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने देश को मजबूत प्रशासनिक ढांचा प्रदान किया और सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में बांधा।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश को सशक्त, समृद्ध और संगठित बनाने के लिए सरदार पटेल के आदर्शों और विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य नीलम वर्मा, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव उमेश सिंह पटेल, जदयू नेता सुशांत यादव, जिला उपाध्यक्ष उदय प्रसाद सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संदीप केडिया, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मो. शहाबुद्दीन तथा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रभाकर चौधरी सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।





