Patna News: पटना में सर्दी की शुरुआत होते ही संजय गांधी जैविक उद्यान में वन्यजीवों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन ने नाइट हाउस में हीटर और हीटिंग बल्ब लगाए हैं, जिससे देश और विदेश से लाए गए सभी जानवरों के लिए उचित तापमान बनाए रखा जा सके। जू के निदेशक हेमंत पाटिल के अनुसार नाइट हाउस के प्रत्येक सेल में लकड़ी के प्लेटफॉर्म लगाए गए हैं ताकि जानवरों को ठंडी जमीन का असर न हो और गर्माहट बनी रहे। पूरे परिसर में ऑयल हीटर भी चलाए जा रहे हैं।
प्राइमेट्स श्रेणी के जानवरों जैसे बंदर, लंगूर, चिंपांजी, हूलॉक गिब्बन और लॉयन टेल मकाक के लिए गर्म कंबलों की व्यवस्था की गई है। सरीसृपों के लिए उनके सेल में फर्श पर कंबल बिछाए गए हैं और तापमान स्थिर रखने के लिए हीटिंग बल्ब लगाए गए हैं।
शाकाहारी वन्यजीवों के इंक्लोजर में पुआल का मोटा बिछावन तैयार किया गया है और पूर्वी तथा पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं को रोकने के लिए फूस, घास और बांस की चचरी का घेराव किया गया है। सर्दी के प्रति संवेदनशील हाथियों की नियमित सरसों के तेल से मालिश की जा रही है और उनके आहार में गन्ना, सोयाबीन, उबला हुआ धान और मौसमी फल शामिल किए गए हैं।
Also Read: कुमार सानू और संजीव चतुर्वेदी पर धोखाधड़ी का आरोप, प्रोड्यूसर संजय बेडिया की गंभीर शिकायत
पक्षियों के इंक्लोजर को ठंडी हवाओं से बचाने के लिए प्लास्टिक शीट और एगरोनेट से ढक दिया गया है ताकि प्रकाश और हवा का संतुलन बना रहे। चिड़ियाघर प्रबंधन सभी पशुओं की सेहत पर 24 घंटे नजर रख रहा है, जिससे किसी भी तरह की स्वास्थ्य आपात स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।





