Madhubani News: मधुबनी में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आगाज मंगलवार को रंगारंग नगर झांकी के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित झांकी ने पूरे नगर को उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में उमड़े जनसैलाब ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
नगर झांकी में ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक नृत्य-गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र बने। बिहार के विभिन्न जिलों से आए कलाकार दलों ने अपनी-अपनी लोकसंस्कृति, कला एवं परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए युवाओं के साथ-साथ आम नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Also Read: राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पटना में भव्य स्वागत
यह भव्य नगर झांकी वाटसन स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर थाना चौक, स्टेशन रोड, बाटा चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः वाटसन स्कूल परिसर में संपन्न हुई। झांकी मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने तालियों और जयघोष के साथ कलाकारों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिले के वरीय एवं कनीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। आयोजन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
नगर झांकी के माध्यम से राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का संदेश जन-जन तक पहुंचा और युवाओं में सांस्कृतिक एकता, रचनात्मकता एवं सहभागिता की भावना को मजबूती मिली।
इसके पश्चात वाटसन विद्यालय परिसर में प्रतिभागियों द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि मधुबनी में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन जिले और राज्य दोनों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में बिहार की भूमिका अग्रणी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि के क्षेत्र में आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।





