Patna News: बिहार ने पशुपालन क्षेत्र में फिर से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। दूध, अंडा और मांस उत्पादन में राज्य की वार्षिक वृद्धि दर ने राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ दिया है। केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, बिहार में अंडा उत्पादन में 10% की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। वहीं, दूध उत्पादन में राज्य छठे और मांस उत्पादन में 4.03% की वृद्धि दर्ज की गई है।
अपर मुख्य सचिव डॉ. एन विजयालक्ष्मी ने विभागीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वर्ष 2024-25 में बिहार की वार्षिक उत्पादन वृद्धि दूध में 4.24%, अंडा में 9.99% और मांस में 4.03% रही। राष्ट्रीय स्तर पर इसी अवधि में दूध की वृद्धि 3.58%, अंडा में 4.44% और मांस में 2.46% रही।
Also Read: 2025 में सबसे अधिक कर्जदार देश: IMF रिपोर्ट
डॉ. विजयालक्ष्मी ने कहा कि बिहार में दूध, अंडे और मांस की प्रति व्यक्ति उपलब्धता भी बढ़ी है। 2023-24 में प्रति व्यक्ति दूध 277 ग्राम प्रतिदिन, अंडा 27 प्रति वर्ष और मांस 3.19 किलोग्राम था, जो 2024-25 में बढ़कर दूध 285 ग्राम, अंडा 29 और मांस 3.27 किलोग्राम प्रतिवर्ष हो गया है। इस वृद्धि में विभागीय योजनाओं और किसानों की सक्रिय भागीदारी का योगदान रहा है।
मछली उत्पादन के क्षेत्र में भी बिहार ने बड़ी छलांग लगाई है। वर्ष 2013-14 में राज्य की राष्ट्रीय रैंकिंग नौवीं थी, जो 2023-24 में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के कारण राज्य अब मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है।







