Madhepura News: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मद्य निषेध विभाग की टीम ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक हाइवा ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की और ट्रक चालक व उपचालक को गिरफ्तार किया। बताया गया कि ट्रक में ऊपर गिट्टी भरी हुई थी और उसके नीचे बने गुप्त तहखाने में शराब की खेप छिपाई गई थी। शराब झारखंड से लाई जा रही थी और इसे बिहार के किसी अन्य जिले या राज्य में पहुंचाने की योजना थी।
एनएच-106 पर तुरकाही के पास हाईवा ट्रक पकड़ा गया
भर्राही थाना क्षेत्र के एनएच-106 पर कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने संदिग्ध हाइवा को रोका। तलाशी में सामने आया कि वाहन के डाला में भरी गिट्टी के नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई गई थी। टीम ने धीरे-धीरे गिट्टी हटाई तो नीचे से शराब की पेटियाँ मिलने लगीं।
Also Read: जदयू का सदस्यता अभियान शुरू, नीतीश कुमार ने ली पहली सदस्यता
125 पेटी यानी 1125 लीटर रॉयल स्टैग बरामद
जांच में पता चला कि ट्रक में कुल 125 पेटी, लगभग 1125 लीटर रॉयल स्टैग व्हिस्की लदी हुई थी। यह शराब गिट्टी के नीचे बनाए गए खास चैंबर में रखी गई थी ताकि चेकिंग के दौरान पकड़ी न जाए। मौके से दिनापट्टी निवासी सिंधु कुमार और सुंदरपट्टी निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों से तस्करी में शामिल नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है।
मद्य निषेध अधीक्षक के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई
पूरी कार्रवाई मद्य निषेध अधीक्षक बिपिन कुमार के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना की पुष्टि होते ही पूरी टीम को अलर्ट किया गया और योजनाबद्ध तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। उनके अनुसार शराब तस्कर लगातार नए तरीके ईजाद कर प्रतिबंधित शराब की ढुलाई का प्रयास करते हैं, लेकिन विभाग की सतर्कता के कारण इनकी कोशिशें विफल हो रही हैं।
22 लाख रुपए से अधिक की बरामदगी, केस दर्ज
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई जा रही है। हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





