Araria news: अररिया जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जोकीहाट थाना पुलिस ने सिलीगुड़ी-अररिया फोरलेन सड़क पर कार्रवाई करते हुए करीब 280 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर इस मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर काकन चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें वाहन के तहखाने में बेहद चतुराई से छुपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
Also Read: सारण में लगातार दूसरी रात गोलीबारी, युवक को मारी गोली, PMCH रेफर
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गांजा गुवाहाटी से लाया जा रहा था और इसे उत्तर प्रदेश पहुंचाया जाना था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस तस्करी से जुड़े नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





