Chaibasa News: शहर में एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी के साथ बड़ा साइबर फ्रॉड होने का मामला सामने आया है। जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के बहाने साइबर अपराधियों ने पीड़ित से 16 लाख 92 हजार रुपए ठग लिए। शिकायत मिलने के बाद चाईबासा पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू कर दी।
तकनीकी शाखा की मदद से जांच, देवघर में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी शाखा की टीम को शामिल किया। लेन-देन से जुड़ी तकनीकी जानकारी, बैंकिंग डेटा और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर टीम देवघर जिले में पहुंची। वहां छापेमारी के दौरान पुलिस ने मो. सकीर अंसारी नामक एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में इस गैंग और अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
Also Read: मधेपुरा में हाईवा से 1125 लीटर विदेशी शराब बरामद
रिटायर्ड बैंककर्मी व पेंशनभोगी होते हैं निशाने पर – SDPO
चाईबासा सदर एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि साइबर ठग अक्सर रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के नाम पर निशाना बनाते हैं। वह कॉल और मैसेज के जरिए फर्जी लिंक भेजकर बैंक खाते की जानकारी हासिल कर लेते हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान नंबर, संदिग्ध लिंक या कॉल पर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही ऐसे साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।





