Bihar News: कैमूर जिले के मोहनिया में मंगलवार को हुई सनसनीखेज वारदात में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान हलीम अली (28 वर्ष), पिता खुर्शीद गद्दी, निवासी वार्ड संख्या 9 के रूप में हुई है।
परिजनों ने 20 लोगों को किया नामजद, तीन आरोपी गिरफ्तार
हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर कुल 20 लोगों को नामजद किया है। आवेदन के आधार पर हत्या में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों —
रिंकू पासी, विजयमल नोनिया और पवन सूत पासी — को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है, जबकि बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम बनाकर तेज़ी से छापेमारी की जा रही है।
Also Read: अतरी में विधायक रोमित कुमार का सम्मान, विकास को दी प्राथमिकता
शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला — डीएसपी
मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है, जबकि मृतक का परिवार जल्द न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और पूरे मामले का खुलासा शीघ्र किया जाएगा।





