Begusarai News: शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लोहिया नगर ओवरब्रिज के नीचे से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह खुलासा पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए चौंकाने वाला है, क्योंकि बताया जा रहा है कि वर्षों से यहां महुआ शराब का निर्माण और कारोबार चल रहा था, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारी, मिली अवैध शराब फैक्ट्री
जिला प्रशासन और नगर निगम अतिक्रमण हटाने के लिए जब मौके पर पहुंचे, तो ओवरब्रिज के नीचे बने अस्थायी घरों में अवैध शराब निर्माण यूनिट सक्रिय मिली। पुलिस टीम ने तुरंत बड़ी मात्रा में तैयार शराब को जब्त कर नष्ट करना शुरू कर दिया। तस्वीरों से यह साफ होता है कि बड़े पैमाने पर खुलेआम महुआ शराब तैयार की जा रही थी।
इलाके की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दर्जनों घरों में छापेमारी जारी है और लगभग हर घर से किसी न किसी रूप में अवैध शराब मिलने की पुष्टि हुई है।
Also Read: अवैध वसूली के विवाद का वीडियो वायरल, थाना प्रभारी निलंबित
उत्पाद विभाग की गुप्त सूचना, लेकिन बड़े नेटवर्क का खुलासा
उत्पाद अधीक्षक ने पुष्टि की है कि उन्हें पहले से गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। हालांकि जिस तरह से वर्षों से बड़े स्तर पर अवैध शराब उत्पादन होता रहा, उससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार में शराबबंदी कानून की खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और पुलिस निगरानी पर गंभीर सवाल उठते हैं।
इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है और अभियान अभी जारी है। फिलहाल बेगूसराय में महुआ शराब प्रकरण को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।





