Motihari News: मोतिहारी पुलिस को अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता मिली है। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुल 9.178 किलोग्राम चरस जब्त की और छह तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त उत्तर प्रदेश, राजस्थान, नेपाल और बिहार से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार, यह खेप नेपाल से होकर बिहार के रास्ते राजस्थान भेजी जा रही थी।
सूचना मिलने पर हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें राजपत्रित अधिकारी भी शामिल थे। टीम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय (कस्तुम) कार्यालय के पास संदिग्ध थार गाड़ी को रोका और उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 7.178 किलोग्राम चरस बरामद हुआ।
Also Read: बक्सर एथनॉल प्लांट का CM निरीक्षण
पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और अतिरिक्त खेप के बारे में जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस टीम सुगांव स्थित माई स्थान पहुंची और वहां से दो अन्य व्यक्तियों को दो किलोग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 9.178 किलोग्राम चरस जब्त की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान यूपी के बंगाली वर्मा और अशोक अग्रवाल, राजस्थान के टीकमचंद गोयल, नेपाल के मेघराज साह, और मोतिहारी के सर्वजीत कुमार व कमलदेव राम के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ हरैया थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और समन्वय का परिणाम है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय इस तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।





