Bihar News: दानापुर में गंगा नदी पार करते समय एक युवक के डूब जाने की दुखद घटना सामने आई है। यह हादसा सोमवार देर शाम नासरीगंज घाट से पानापुर घाट की ओर जा रही एक नाव पर हुआ। जानकारी के अनुसार, युवक नाव से अपने घर लौट रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गंगा की तेज धारा में गिर गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नाव पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण युवक पानी में समा गया। डूबे युवक की पहचान दियारा क्षेत्र के अकीलपुर थाना अंतर्गत कासिमचक पंचायत के विशुनपुर निवासी संजय कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हादसे के समय संजय नाव पर बैठकर मोबाइल देख रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा।
Also Read: मुजफ्फरपुर में NDA की ऐतिहासिक जीत पर सम्मान समारोह
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण गंगा किनारे पहुँचे, लेकिन रात अधिक होने के कारण खोज अभियान नहीं चल सका। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा तट पर जुट गए। इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुँची और गंगा नदी में शव की तलाश शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं किया जा सका था।
पूर्व प्रखंड प्रमुख मनोज यादव ने बताया कि संजय सोमवार शाम अपने घर विशुनपुर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। वहीं दियारा के स्थानीय लोगों ने पीपा पुल के अब तक चालू न होने पर नाराज़गी व्यक्त की है। उनका कहना है कि पुल को 15 अक्टूबर के बाद शुरू होना था, लेकिन अक्टूबर में काम शुरू होने के बावजूद अब तक इसे आम आवागमन के लिए नहीं खोला गया है।





