Patna News: बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र तीन दिसंबर को तीसरे दिन पहुँच गया। बुधवार को विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानसभा और विधान परिषद को संयुक्त रूप से सेंट्रल हॉल में संबोधित किया। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री और सभी विधायक व सदस्य मौजूद थे।
Also Read: तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए शिक्षक की मौत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अभिभाषण में राज्यपाल ने नीतीश सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसे क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने एक करोड़ रोजगार सृजन के प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन से शुरू हुई योजनाओं का उल्लेख किया। राज्यपाल का भाषण लगभग आधे घंटे तक चला।
राज्यपाल के भाषण के कारण विधानसभा की सामान्य कार्यवाही स्थगित कर दी गई और सभी सदस्य सेंट्रल हॉल में उपस्थित रहे। भाषण समाप्त होने के बाद कार्यवाही पुनः शुरू हुई। इसी दौरान नरेंद्र नारायण यादव ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उपाध्यक्ष की घोषणा सत्र के चौथे दिन की जाएगी। यादव इससे पहले भी उपाध्यक्ष रह चुके हैं।






