---Advertisement---

मुजफ्फरपुर में डॉ. जायसवाल का आभार समारोह

On: December 8, 2025 6:18 PM
मुजफ्फरपुर में डॉ. जायसवाल का आभार समारोह
---Advertisement---

Muzaffarpur News: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल सोमवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मिथिला एवं तिरहुत क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के आभार एवं अभिनंदन समारोह में शामिल होकर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और जीत में उनके योगदान की सराहना की।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि इस चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत संगठन की सामूहिक शक्ति, टीमवर्क और जनता के मजबूत विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही।

Also Read: गया में 50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार

बूथ स्तर तक मेहनत से मिला प्रचंड बहुमत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए के बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत से घर-घर जाकर भाजपा और एनडीए सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों को बताया गया। उसी का परिणाम है कि जनता ने बड़े बहुमत से एनडीए को चुना और प्रदेश में स्थिर सरकार बनी।

डॉ. जायसवाल ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के पहले कार्यकाल (2005) की तरह ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने दोहराया कि बिहार को अपराधमुक्त बनाने और लोगों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।
रोजगार को लेकर भी उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में तेज गति से काम किया जाएगा।

अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन भीखू भाई दलसानिया, प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, राकेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष ललिता कुशवाहा, प्रदेश मंत्री रीता शर्मा और मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय सह प्रभारी नंदप्रसाद चौहान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने किया।

बाबा गरीबनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुजफ्फरपुर पहुंचते ही डॉ. जायसवाल सबसे पहले शहर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश के जन-कल्याण, सामाजिक समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की और कहा कि भगवान महादेव की कृपा बिहार और उसके लोगों पर सदैव बनी रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment